चंबल नदी में मोटरबोट से महिला की तलाश में जुटे पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा जिले के जैतपुर के क्यारीघाट पर शनिवार को दो साल के बेटे को नदी किनारे छोड़कर हाथ धोने चंबल में गई महिला डूब गई। घरवाले मगरमच्छ के खींच ले जाने की आशंका जता रहे हैं। रविवार को दिनभर पुलिस के गोताखोरों के साथ वन विभाग की मोटरबोट से महिला की तलाश की गई। पर, पता नहीं चला।
क्यारी गांव की टीना (25) की शादी छह साल पहले नहलई जसवंत नगर, इटावा के अनिल कुमार से हुई थी। कोरोना काल में ससुर ज्ञान सिंह टीना को मायके छोड़ गए थे। घरवालों ने रविवार को थाने पहुंचकर जैतपुर पुलिस को बताया कि शनिवार को सुबह करीब 9 बजे टीना परिवार के लोगों के साथ चंबल नदी किनारे गई थी।
टीना ने दो साल के बेटे आयुष को किनारे पर बैठा दिया और नदी में हाथ-मुंह धोने लगी। इसी दौरान वह नदी में डूब गई। लोगों ने आशंका जताई कि हाथ धोते समय उसे मगरमच्छ खींच ले गए। परिजन दिनभर उसकी तलाश करते रहे। वह नहीं मिली।
सूचना पर जैतपुर पुलिस वन विभाग की मोटरवोट और गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश में रविवार को दिनभर चंबल नदी को खंगालती रही। पर, वह नहीं मिली। एसओ जैतपुर योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि नदी में हाथ धोते समय युवती को मगरमच्छ खींच ले जाने की आशंका है। रेंजर आरके सिंह राठौर ने बताया कि युवती नदी में डूबी है। मगरमच्छ के हमले की बात सामने नहीं आई है। छानबीन की जा रही है।