फिरोजाबाद के थाना टूंडला क्षेत्र में स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और बेटी घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस ने स्कूल बस को कब्जे में लिया है।
थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव कोटकी निवासी 25 वर्षीय उमेश पुत्र राजाराम शनिवार को अपनी पत्नी रश्मी (24) और पांच वर्षीय बेटी को बाइक पर बिठा ससुराल जा रहा था। उसकी ससुराल थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव नगला मदारी में है।
हजरपुर रोड पर टोल टैक्स के समीप स्कूल बस ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार पत्नी रश्मी की मौके पर मौत हो गई। जबकि उमेश व बच्ची अंशिका दोनों गंभीर घायल हैं। हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।