आगरा के थाना न्यू आगरा क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन कराने के लिए भर्ती सुनीता देवी (40) की मौत हो गई। परिजन ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। परिजन ने तहरीर दे दी है।
नगला बूढ़ी निवासी महेंद्र सिंह मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी सुनीता देवी के पेट में पथरी थी। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे तेज दर्ज हाेने लगा तो ऑपरेशन कराने के लिए अमर विहार चौकी के पास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शाम 5 बजे डॉक्टर ऑपरेशन के लिए ओटी लेकर गया। वह बाहर बैठे थे। आरोप है कि एक घंटे बाद स्टाफ ने सूचना दी कि ऑपरेशन से पहले ही सुनीता की मौत हो गई।
यह सुनते ही परिजन ने हंगामा शुरू कर दिया तो डॉक्टर व कर्मचारी भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलवार को परिजन ने शाम 5 बजे घर के पास शव रखकर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। माैके पर पहुंची पुलिस ने समझाकर शांत कराया। एसीपी हरीपर्वत अक्षय महाडिक ने बताया कि तहरीर मिल गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।