आगरा के जगदीशपुरा इलाके के खतैना में सोमवार की रात को महिला की संदिग्ध हालात में तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। परिजन ने पति व अन्य ससुराल वालों पर छत से फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पंचायत के बाद पति मायके से बेटी को लेकर गया था। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जगनेर थाना क्षेत्र के पीपरेठा निवासी देवेंद्र ने बताया कि उन्होंने बहन पिंकी की शादी 4 साल पहले जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के खतैना निवासी आरोपी देवेंद्र कुमार के साथ की थी। वह जूता कारीगर है। उनकी 4 साल की बेटी चीकू और 5 माह का बेटा भी है।
कुछ दिन पहले पति-पत्नी में विवाद हो गया। बहन के फोन करने पर वह उसे मायके ले गए। आरोप है कि सोमवार को आरोपी देवेंद्र उनके घर आया। समाज के लोगों के सामने माफी मांगी। उन्होंने बहन को भेजने से मना किया लेकिन वह खुद जान देने की धमकी देने लगा तो पिंकी को साथ में भेज दिया।
रात 11 बजे देवेंद्र ने फोन कर बताया कि पिंकी छत से गिर गई है। परिजन का कहना है कि छत पर पांच फीट ऊंची बाउंड्रीवाल है। कैसे कोई गिर सकता है। आरोपी पति देवेंद्र ने ही छत से फेंककर बहन की हत्या कर दी। थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्य संकलन कर कार्रवाई की जाएगी।