आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में सेटेलाइट बस डिपो के सामने हाईवे पार कर रही महिला को कार ने रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को एसएस भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया गया।
विज्ञापन
इस्लाम नगर, टेढ़ी बगिया निवासी ऑटो चालक सेवान ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उनकी मां रुकसाना दरगाह पर भीख मांगकर गुजारा करती थीं। सोमवार को वह रामबाग से लौटकर घर आ रही थीं। परचून का सामान लेने के लिए हाईवे पार कर रही थीं, तभी टेढ़ी बगिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
घायल अवस्था में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया गया है। कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।