मथुरा में हाईवे की आनंदलोक कालोनी में बुधवार को शिक्षक नेता की पत्नी की कपड़े धोते वक्त मशीन में लगी आग से जलकर मौत हो गई। हालांकि इस हादसे को किसी ने नहीं देखा है, लेकिन जिस तरह से वाशिंग मशीन जली है उससे माना जा रहा है कि शाट सर्किट के कारण मशीन आग का गोला बनी और महिला जल गई।
थाना हाईवे के गोवर्धन रोड स्थित आनंदलोक कालोनी में शिक्षक नेता और यूटा के ब्रज प्रांत प्रभारी ठाकुर यशवीर सिंह राघव परिवार के साथ रहते हैं। यशवीर सिंह राघव चौमुहां विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय गांगरोली में शिक्षक हैं। वह रोजमर्रा की तरह बुधवार की सुबह घर से निकल गए।
बच्चों को स्कूल भेजकर शिक्षक नेता की पत्नी सुनीता राघव (34) वाशिंग मशीन पर कपड़े धोने लगी। बताया जा रहा है कि इसी बीच शार्ट सर्किट से आग लग गई और मशीन आग का गोला बन गई। आग की चपेट में आकर शिक्षक नेता की पत्नी की झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई।