बेवर। कस्बा के एक मोहल्ला की रहने वाली एक युवती शहर के रहने वाले एक विवाहित से व्हाट्सअप और इंस्टाग्राम पर बात करती है। इसकी जानकारी जब पत्नी को हुई तो वह आगबबूला हो गई। बृहस्पतिवार की दोपहर युवती के घर पहुंच कर जमकर खरी खोटी सुनाई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्ष के लाेगों को थाने ले गई। वहां दोनों के बीच बातचीत चल रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली एक महिला बृहस्पतिवार की दोपहर कस्बा स्थित एक मोहल्ला में रह रही एक युवती के घर पर पहुंची। युवती को सामने देखते ही महिला ने गाली गलौज करते हुए जमकर खरी खोटी सुनाना शुरू कर दिया। युवती भी अचानक महिला को भड़कता देख घबरा गए। युवती के परिजन ने जब वजह पूछी तो महिला ने बताया कि उनकी बेटी ने वैवाहिक जीवन बर्बाद कर रखा है। युवती उनके पति से व्हाट्सअप और इंस्टाग्राम पर बात करती है। जिस वजह से अब उनके व पति के बीच झगडे़ होते हैं। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस हंगामा कर रही महिला व दूसरे पक्ष से युवती के पिता को थाने ले गई। थाने पहुंची महिला ने आरोप लगाया कि बुधवार को पति ने उनकी पिटाई भी की। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्ष के लोगों के बीच बातचीत चल रही थी।