फतेहाबाद। आगरा से बाह जा रही रोडवेज बस में बकाया किराया मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद महिला परिचालक ने दो यात्रियों के खिलाफ छेड़छाड़ व अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
भदावर बाह डिपो में तैनात महिला परिचालक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 1 मई को वह आगरा से सवारियां लेकर बाह जा रही थी। बस में करीब 65 यात्री सवार थे। इसी दौरान बस में सवार अरविंद कुमार पुत्र राजेश एवं राजेश पुत्र हुकुम सिंह निवासी पडुआपुरा थाना पिनाहट ने टिकट लिया, लेकिन खुले पैसे न होने पर बकाया राशि टिकट के पीछे लिख दी गई। आरोप है कि पीपल चौकी के पास दोनों यात्रियों ने बकाया पैसे मांगे और इसी बात को लेकर विवाद हो गया। महिला परिचालक का आरोप है कि दोनों ने उसके साथ अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।