बताया गया है कि मालती देवी पत्नी संजीव कुमार अपने आबादी वाले घर में जानवरों को पानी पिलाने गई थीं, तभी आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने महिला को पीटते हुए कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। खून से लथफथ मालती जमीन पर गिर पड़ीं। इसके बाद भी आरोपी उस पर लाठी-डंडों से वार करते रहे।
घायल की बेटी ने बताया कि उसके पिता मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे और वह खुद खेत पर थी। इसी बीच दबंगों ने उसकी मां को अकेला पाकर हमला बोल दिया। हमले में मालती देवी के सिर में गंभीर चोट आई है। जबकि पूरे शरीर पर लाठी-डंडों के नीले और लाल निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। परिजनों का कहना है कि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।