मैनपुरी। शनिवार को सरकारी कार्यालय, बस स्टैंड, बाजार व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सन्नाटा नजर आया। इसे चाहे कोरोना संक्रमण का डर कहें या फिर सप्ताहांत कर्फ्यू के प्रति लोगों की संजीदगी। हकीकत यही है कि हर तरफ बस खाली सड़कें ही नजर आईं।
कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए शासन ने सप्ताहांत कर्फ्यू लागू किया था। अब तक जहां केवल शनिवार और रविवार को सप्ताहांत कर्फ्यू के आदेश थे तो वहीं अब सोमवार को भी सप्ताहांत कर्फ्यू लागू रहेगा। जिले में शनिवार को सप्ताहांत कर्फ्यू का लोगों द्वारा पालन किया गया। बाजार जहां बंद रहे वहीं लोग भी अपने घरों में ही रहे। बहुत जरूरी काम होने पर ही वे अपने घरों से निकले। सुरक्षा की दृष्टि से चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। वे लगातार आने जाने वालों को टोकते नजर आए। जरूरी काम से आने वाले लोगों को पुलिसकर्मियों ने जाने की अनुमति दी। अकारण ही घूमने वाले लोगों को पुलिसकर्मी दिन भर वापस लौटाते रहे। इसके साथ ही उप जिलाधिकारी सदर ऋषिराज और सीओ सिटी अभय नरायन राय ने भी शहर में भ्रमण किया। उन्होंने घरों के बाहर खड़े मिले लोगों से घरों में रहने के लिए कहा।