बाह। जैतपुर के गढ़वार ठार गांव में शनिवार को गेहूं के खेत से चारा काटने से रोकने पर विवाद हो गया। मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर दंपति समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता रीना देवी ने बताया कि पुरा चतुर्भुज गांव निवासी रितु और संगीता 14 मार्च को उनके खेत से चारा काट रही थीं। उन्होंने जब चारा काटने से मना किया तो दोनों ने उनसे मारपीट और गाली-गलौज की। रितु के पति मंगल सिंह ने उनका ऑटो क्षतिग्रस्त कर दिया। चीख-पुकार सुनकर लोग आए तो हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने घायल रीना देवी का मेडिकल कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।