बाह। रामकुआं गांव में शनिवार को दरवाजे पर खूंटा गाड़ने के विवाद में पड़ोस में रहने वाले आरोपियों ने महिला को घर में घुसकर बेरहमी से पीटा। बाल पकड़कर घसीटने का भी आरोप है। महिला की चीख पुकार सुनकर दौड़े दूसरे पड़ोसियों ने किसी प्रकार दरवाजा तोड़कर उसकी जान बचाई। कमरे में महिला खून से लथपथ और बेहोश मिली। पड़ोसियों के पहुंचने से पहले ही हमलावर दीवार फांदकर भाग निकले।
रामकुआं गांव में खूंटा गाड़ने को लेकर डॉली पत्नी हरपाल यादव का पड़ोसी रामलक्षिन पक्ष से विवाद हो गया। आरोप है कि रामलक्षिन पक्ष के लोग डॉली को बाल पकड़कर घसीटते हुए उसके घर के अंदर ले गए और बेरहमी से पिटाई की। आरोपियों ने इस दौरान घर का दरवाजा बंद कर दिया था। पीड़िता की चीख पुकार सुनकर अन्य पड़ोसी उसे बचाने पहुंचे। दरवाजा तोड़कर जैसे ही वे अंदर घुसे से आरोपी दीवार फांदकर मौके से फरार हो गए। पड़ोसियों ने बताया कि दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचने पर डॉली खून से लथपथ और बेहोश पड़ी थी। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल डॉली को सीएचसी जैतपुर में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया है। एसओ चित्राहाट महेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस दर्जकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।