मैनपुरी के करहल क्षेत्र के गांव डांडी में रविवार को विवाहिता और मासूम की संदिग्ध परिस्थिति में जलने से मौत हो गई। मायके पक्ष की ओर से पति सहित चार लोगों पर जलाकर मारने का आरोप लगाया गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ससुरालीजनों के विरुद्ध दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश के थाना गोरमी क्षेत्र के गांव अकलौनी निवासी सुनीता देवी ने 25 वर्षीय पुत्री शिवानी की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र के गांव डांडी निवासी धर्मवीर के साथ की थी। शादी के एक वर्ष बाद शिवानी ने पुत्र को जन्म दिया। रविवार को दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
इसके कुछ देर बाद ससुरालीजन शिवानी व दो साल के पुत्र आयुष को जली हुई अवस्था में जिला अस्पताल ले गए, वहां चिकित्सकों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया, आयुष को मेडिकल कॉलेज भेजा गया, वहां कुछ देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया।
मृतका की मां ने लगाया हत्या का आरोप
घटना की सूचना मिलने के बाद देर शाम थाना पहुंची मृतका की मां सुनीता ने पति धर्मवीर, ननद बिटी, रानी और सलहज रीता ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगाकर मारने का आरोप लगाया। पुलिस ने दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक कुशलपाल सिंह ने कहा कि गांव डांडी में विवाहिता व बच्चे की संदिग्ध परिस्थिति में जलने से मौत का मामला सामने आया है, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।
पुलिस मान रही आत्महत्या का मामला
गांव डांडी में विवाहिता और मासूम की जलने से हुई मौत की घटना के बाद जहां मायके पक्ष की ओर से जलाकर मारने का आरोप लगाया गया। वहीं पुलिस इसे खुदकुशी मान रही है। पुलिस का कहना है कि दंपती के बीच झगड़े के बाद महिला ने गुस्से में आकर आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस सभी तथ्यों की गंभीरता के साथ जांच कर रही है।