आगरा के थाना सिकंदरा के बाईंपुर निवासी महिला ने थाने पर तैनात दरोगा पर दुर्घटना में पकड़ी कार को छोड़ने के नाम पर 6 हजार रुपये की रिश्वत लेने और कार में रखी नकदी और सोने की अंगूठी चोरी के आरोप लगाए हैं। डीसीपी सिटी ने एसीपी हरीपर्वत अमीषा को जांच के आदेश दिए हैं।
बाईपुर निवासी रूपा यादव ने बताया कि उनके पति आकाश यादव 6 मई की सुबह कार से निकले थे। उनकी कार को बाईपुर के पास एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद दरोगा और सिपाहियों ने पति को पकड़ लिया और न्यायालय भेज दिया। इसके बाद जब पति कार मांगने थाने गए तो कार नहीं दी। पति ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर दी।
9 मई की दोपहर में दरोगा ने पति को बुलाया। पति को 5 घंटे तक बिठाकर रखा और 6 हजार रुपये लेने के बाद कार लौटाई। जब पति ने कार में रखे 16,500 रुपये ,मोबाइल और सोने की अंगूठी नहीं होने के बारे में पूछा तो दरोगा ने दोबारा जेल भेजने की धमकी देकर भगा दिया। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।