सैंया। सैंया चौराहा स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम बूथ पर पैसे निकालने आए युवक का डेबिट कार्ड दो लोगों ने बहाने से बदल लिया। इसके बाद दो बार में 15 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आने पर पीड़ित युवक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बताया कि पीड़ित युवक की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
थाना कागारौल क्षेत्र के गांव नगला रिठौरी निवासी विष्णु ने पुलिस को बताया कि सोमवार की दोपहर करीब 2 बजे वह एटीएम बूथ से पैसे निकाल रहा था। तभी दो लोग आ गए। एक व्यक्ति ने उसे बातों में उलझा लिया। इसी दौरान दूसरे बदमाश ने बहाने विष्णु का कार्ड बदल लिया। कार्ड लेकर गए बदमाशों ने दूसरे एटीएम बूथ से दो बार में 15 हजार रुपये निकाल लिए। घटना की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज चेक किए। थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अभय डागा ने बताया कि पीड़ित युवक की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों का पता लगाया जा रहा है।