देश विदेश से मोहब्बत की खूबसूरत निशानी ताजमहल को निहारने के लिए आगरा आने वाले पर्यटक मायूस हो सकते हैं। उनकी ताजमहल में फिलहाल एक खास हसरत पूरी नहीं हो पाएगी।
बता दें कि ताजमहल पर मडपैक कार्य के चलते डायना सीट पर अगले चार महीनों तक फोटोग्राफी के जरिए यादें सजोना कठिन हो जाएगा। ताज की चारों मीनारों के बाद मडपैक ट्रीटमेंट अब मुख्य गुंबद के नीचे वाली प्रवेश द्वार की आर्च और दीवारों पर होना है।
जून में आखिरी मीनार के मडपैक के बाद मुख्य गुंबद के नीचे पाड़ लगाने का काम शुरू हो जाएगा। दक्षिणी दीवार पर मडपैक का काम अक्तूबर से पहले हो जाएगा। इन चार महीनों में ताज के पूरे व्यू के लिए मेहमान खाना या मस्जिद की ओर से फोटोग्राफी करानी होगी।
एएसआई के अधीक्षण पुरातत्व रसायनविद् डा. एमके भटनागर के निर्देशन में ताजमहल में मडपैक का काम तेजी से जारी है। दक्षिण पूर्वी मीनार पर मडपैक लगाकर इसे दमकाया जा रहा है। जून में यह काम खत्म हो जाएगा और उसके बाद मुख्य गुंबद पर सामने की दीवार और प्रवेश द्वार वाली आर्च पर पाड़ लगाई जाएगी।
सबसे पहले कोनों की छोटी आर्च का मडपैक ट्रीटमेंट किया जाएगा। बारिश में आर्च के अंदर और अन्य दिनों में बाहरी दीवार पर मडपैक लगेगा। रसायन शाखा अधिकारियों की कोशिश है कि टूरिस्ट सीजन शुरू होने से पहले अक्तूबर में ही गुंबद के सामने वाले हिस्से से पाड़ हटा दी जाए, जिससे टूरिस्ट सीजन में लोग डायना सीट पर बैठकर दमकते ताज के सामने तस्वीर ले सकेंगे। चारों मीनारें और सामने के हिस्से के मडपैक ट्रीटमेंट के बाद पीलापन दूर हो जाएगा।