आगरा में 29 नवंबर शाम पांच बजे से एक दिसंबर शाम पांच बजे तक और फिर तीन दिसंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना खत्म होने तक सभी देशी-विदेशी शराब की दुकानें बंद रहेंगी। एडीएम सिटी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी ने बताया विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान से 48 घंटे पूर्व शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है।
मतदाता को मिलेगा अवकाश
आयोग ने शिक्षक और स्नातक खंड सीट पर एक दिसंबर को वोट डालने वाले सभी मतदाताओं के लिए एक दिन का अवकाश स्वीकृत किया है। मतदेय स्थल के बाहर 200 मीटर दूर प्रत्याशी का बस्ता लगेगा। बस्ते पर सिर्फ दो व्यक्तियों के बैठने की अनुमति होगी।
पीठासीन और मतदान अधिकारी नियुक्त
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभु एन सिंह ने मतदान संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियां और पीठासीन व मतदान अधिकारियों की नियुक्त कर दी है। एक पार्टी में चार मतदानकर्मी होंगे। पीठासीन व प्रथम मतदान अधिकारी का 24 नवंबर और सभी मतदान कर्मियों का 27 नवंबर को आरबीएस कॉलेज खंदारी में प्रशिक्षण होगा। 30 नवंबर सुबह 9 बजे सभी पोलिंग पार्टियां शाहदरा स्थित मंडी समिति प्रांगण में एकत्र होंगी।
मंडी समिति, जीआईसी मैदान व डायट परिसर का अधिग्रहण
विधान परिषद चुनाव एक दिसंबर को होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया मंडी समिति शाहदरा, जीआईसी मैदान व पंचकुईयां स्थित डायट परिसर का 20 नवंबर से 5 दिसंबर तक 15 दिन के लिए अधिग्रहण किया गया है। मंडी समिति में स्ट्रांग रूम बनेंगे। यहां मतपेटियां तैयार होंगी और पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। डायट परिसर और जीआईसी मैदान में वाहनों की गणना व अन्य चुनाव संबंधी कार्य किए जाएंगे।