मैनपुरी। टैक्सेशन के वकील विकास कुलश्रेष्ठ पर किए गए जानलेवा हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी कराने के लिए वकील लामबंद होते जा रहे हैं। मंगलवार को वकीलों ने कलेक्ट्रेट पर नारेबाजी करके प्रदर्शन किया। दो दिन में आरोपी जिला पंचायत सदस्य की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
मंगलवार को जिले भर के वकील कलेक्ट्रेट पर एकत्रित हुए। वकीलों ने प्रदर्शन करके आरेापी जिला पंचायत सदस्य शुभम सिंह सहित पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सौरभ यादव ने कहा कि टैक्सेशन के वकील विकास कुलश्रेष्ठ पर किए गए जानलेवा हमले के आरोपी जिला पंचायत सदस्य को पुलिस पकड़ नहीं पा रही है। वकीलों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। राजीव कुमार कुलश्रेष्ठ ने कहा कि आरेापी के नहीं पकड़े जाने पर पुलिस न्यायालय से वारंट लेकर कुर्की की कार्रवाई करे। ऐसा नहीं होने पर दो दिन बाद आंदोलन शुरू होगा।
अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि अब वकील एक मंच पर आ चुके हैं। जानलेवा हमले के आरोपी शुभम सिंह उर्फ रवि जिला पंचायत सदस्य, अनुज यादव उर्फ डब्बू, राकेश बाथम अपने घरों में ताला बंद करके भाग गए हैं। गिरफ्तारी नहीं होने तक वकील शांत नहीं बैठेंगे। प्रदर्शन करने के बाद वकीलों ने एसपी को ज्ञापन दिया। दिनेश यादव, सर्वेंद्र यादव, राहुल कुलश्रेष्ठ, पवन मिश्रा, सूर्यकांत मिश्रा, अखिलेश गुप्ता, नीरज शर्मा, रजत सक्सेना, अमित जौहरी, कन्हैया कुलश्रेष्ठ रहे।