आगरा। इस्लामियां लोकल एजेंसी के अध्यक्ष मोहम्मद जाहिद ने कहा है कि एजेंसी समाजसेवा के कार्य में वक्फ की संपत्तियों को लगाएगा। वक्फ की जमीन पर इंटरमीडिएट कॉलेज और चैरिटेबिल हॉस्पिटल खोलेगी। शाही जामा मस्जिद को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने को सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
शमसाबाद रोड स्थित होटल में मीडिया से रूबरू हुए नई कमेटी के अध्यक्ष व सचिव आजम खान मलिक ने कहा कि कमेटी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के कायदों के मुताबिक ही काम करेगी। पुरानी कमेटी ने अभी तक किसी तरह का हिसाब किताब और दस्तावेज व नकदी आदि नहीं सौैंपी है। इसके बाद भी कमेटी शाही जामा मस्जिद की टूटी मीनार को दुरुस्त कराने को एएसआई से पत्राचार करेगी। अन्य मस्जिदों में रंग रोगन करके इमामों की तनख्वाह भी बढ़ाएगी। आईएलए का मोबाइल एप बनाकर शाही मस्जिद को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगी। पदाधिकारियों ने कहा कि आईएलए के तहत तीन नई कमेटियां और बनेंगी। पहली कमेटी में युवा दूसरी में बुद्धिजीवी वर्ग के लोग होंगे। मजलिस ए शूरा बनाने की पहल भी होगी। सचिव ने कहा कि कमेटी के सारे हिसाब को ऑनलाइन रखा जाएगा। शाही जामा मस्जिद पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए जाएंगे।