एटा जिले के थाना जलेसर क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को जंगली सुअरों ने निवाला बना लिया। महिला अपने पालतू सुअरों को चराने के लिए शुक्रवार शाम को खेतों की ओर ले गई थी। इसके बाद नहीं लौटी। रविवार की सुबह जंगल में उसके अंग क्षत-विक्षत हालत में मिले।
थाना क्षेत्र के गांव बचेपुरा निवासी मनीष पुत्र स्वर्ण सिंह ने बताया कि शुक्रवार को उसकी मां विरमा देवी (60) पालतू सुअरों को खेतों में चराने के लिए लेकर गई थी। देर शाम तक जब नहीं लौटी तो चिंता होने लगी। तलाश करने पर खेतों में सुअर तो मिल गए लेकिन मां का कोई अता-पता नहीं चल सका। इसके बाद थाने में एक प्रार्थना पत्र दिया गया।
रविवार को ग्रामीणों ने फिर से जंगल में तलाश की तो क्षत-विक्षत अवस्था में महिला का शव मिला और शरीर के अंग बिखरे हुए पड़े थे। इनको देखकर गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों ने जंगली सुअरों के हमले में बुजुर्ग महिला की मौत होने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस को सूचित किए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।