पत्नी ने प्रेम संबंध छुपाने के लिए षड्यंत्र रचकर अपने ही पति को झूठे पोक्सो केस में फंसा दिया। पीड़ित पिता का आरोप है कि बहू ने पहले भी बेटे को साजिश के तहत जेल भिजवाया था और जेल से छूटने के बाद पुलिस की मदद से दोबारा गंभीर धाराओं में केस दर्ज करा दिया।
आगरा के पिनाहट कस्बा में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। विवाहिता ने अपने ही पति को बेहद गंभीर आरोप में जेल भिजवा दिया। आरोपी के पिता ने पुलिस कमिश्नर आगरा को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की है।
विज्ञापन
Trending Videos
जानकारी के अनुसार, कस्बा मोहल्ला मार निवासी प्रह्लाद शर्मा ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत पत्र देते हुए बताया कि उनके पुत्र पवन शर्मा ने करीब एक वर्ष पूर्व बाह क्षेत्र के गांव बिजौली निवासी शोभा शर्मा से आर्य समाज, आगरा में रीति-रिवाज से शादी की थी। शादी के बाद शुरू में दोनों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं था, लेकिन कुछ दिन बाद ही दोनों में विवाद होने लगा। शोभा खुले विचारों की है, जिसकी वजह से वो पवन के साथ जीवन नहीं बिताना चाहती थी।
पीड़ित ससुर ने बताया कि बेटे की पत्नी जिस शोरूम में काम करती है, वहीं काम करने वाले युवक से उसके प्रेम संबंध हो गए। बेटे ने जब पत्नी को दूसरे युवक के साथ गाड़ी में घूमते हुए देखा, तो वो गुस्से से आग बबूला हो गया। इसके बाद भी बेटे ने पत्नी को एक मौका दिया।थ उसने पत्नी के सामने नौकरी छोड़ने की शर्त रख दी। लेकिन दूसरे के प्यार में अंधी शोभा अपनी हरकतों से बाज नहीं आई। उसने बेटे को ही धमकाना शुरू कर दिया।
इस दौरान पत्नी ने षड्यंत्र रचकर प्रेमी के जरिए पवन को एक केस में फंसवाया और जेल भिजवा दिया। जेल से रिहा होने के बाद भी पत्नी ने पुलिस की मदद से फिर से पोक्सो समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज करा दिया। थाना बाह पुलिस ने पवन को भदरौली अपनी बुआ के घर जाते समय पिनाहट पेट्रोल पंप से गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि पुलिस ने परिवार को गिरफ्तारी की जानकारी भी नहीं दी और सीधे जेल भेज दिया।