उत्तर प्रदेश के आगरा पत्नी ने पति की जासूसी के लिए वीडियो कॉल करने का तरीका निकाला। उसका यह तरीका पति के लिए परेशानी बन गया है। पति का कहना है कि कभी खाना खाने, कभी चाय पीने, कभी कुछ पूछने के बहाने हर घंटे करीब तीन बार वीडियो कॉल करती है। इतना ही नहीं बाजार में खरीदारी के समय भी लोकेशन के लिए ऐसा करती है। पत्नी ने कहा कि उसे पति के किसी और से संबंध होने का शक है।
देर से आने पर करती है सवाल
मामला सदर क्षेत्र का है। युवती की शादी आठ महीने पहले सिकंदरा क्षेत्र में हुई है। पति एक बैंक में मैनेजर हैं। दोनों साथ में ही रहते हैं। पति का कहना है कि इसके बावजूद एक-दूसरे के लिए पराए हैं। शादी होने के तीन महीने तक सब ठीक था। बैंक में कभी-कभी ज्यादा काम होने से घर आने में देर हो जाती है। पहले तो पत्नी देर आने पर सवाल करती थी, अब शक करने लगी है।
जासूसी करने को वीडियो कॉल करती है
कहा कि उसे लगता है कि पति कहीं और तो नहीं चले गए हैं। इसकी जासूसी करने के लिए वीडियो कॉल करती है। कई बार समझाने की कोशिश की। बैंक में हर तरह के लोगों से बातचीत करनी पड़ती है, लेकिन पत्नी मानने को तैयार नहीं। पत्नी ने परिवार परामर्श केंद्र में मदद की गुहार लगाई है। उसका कहना है कि उसे पति के हावभाव व देरी से आने की वजह से शक है।
केंद्र में 20 जोड़े आए
परिवार परामर्श केंद्र में रविवार को 60 जोड़े बुलाए गए थे। महज 20 जोड़े उपस्थित हुए। इनमें से चार जोड़ों में समझौता हो गया। दो मामलों में एफआईआर के आदेश दिए गए। अन्य को अगली तारीख दी गई है।