आगरा। पति को नींद की गोलियां खिलाकर हत्या और शव को दफनाने की साजिश रूबी ने अकेले ही रची थी। शनिवार को पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेजा गया है। पूछताछ में उसने पति के अत्याचारों से परेशान होकर हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार की है। पति की हरकतों से आजिज आकर रूबी ने उसे ठिकाने लगाने के लिए फिल्म और वेब सीरीज देखकर हत्या का प्लान तैयार किया था।
सिकंदरा के रेणुका धाम निवासी सुरेंद्र शर्मा (44) 18 मई से लापता थे। परिजन ने गुमशुदगी दर्ज करवा रखी थी। भाई अनिल शर्मा को मां के पेंशन खाते से रुपये निकालने का पता चला था। इसके बाद उन्हाेंने भाई की पत्नी रूबी से बात की थी। डर के कारण पत्नी ने शुक्रवार सुबह अनिल को पति को मारकर बाथरूम में दफनाने की जानकारी दी थी। इसके बाद सूचना पर पुलिस ने बाथरूम का फर्श तुड़वाया और शव बरामद किया। रूबी को हिरासत में लिया गया। शनिवार को उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया और वहां से जेल भेज दिया गया। आरोपी को सजा दिलाने के लिए पुलिस कोई कसर नहीं छोड़ रही है। शव का चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। डीएनए जांच के लिए सैंपल फोरेंसिक लैब भेजा जा रहा है। घटना के दिन मृतक की लाेकेशन भी केस डायरी में दर्ज की जाएगी।
-
सिसकते हुए गुजरी रात, बेटियों ने भी छोड़ा साथ
पुलिस हिरासत में रूबी रात भर सिसकती रही। पुलिस से बात करते हुए उसने बताया कि पति ने इस कदर परेशान कर दिया कि उसे पति के साथ रहने से जेल जाना ज्यादा ठीक लग रहा था। उसने सोचा था कि अगर बच जाएगी तो बेटियों की ठीक से परवरिश करेगी। उसे जेल जाने का अफसोस नहीं है पर बेटियों की चिंता है। बेटियाें से सामना हुआ तो रोने के अलावा कुछ नहीं बोल सकीं। बेटियों का कहना था कि पिता कुछ दिन से नौकरी नहीं होने के कारण अवसाद में थे। मां को उनकी हत्या नहीं करनी चाहिए थी। बेटियां अभी मृतक के बड़े भाई के घर पर ही हैं। उनकी अपने घर जाने की हिम्मत नहीं हो रही। देर शाम परिजन ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बेटियों के आगे जीवन यापन की परेशानी आ गई है। पति की हत्या करने की जानकारी के बाद मायके वाले भी रूबी की मदद को तैयार नहीं हैं।
वर्जन....
पुलिस को बाथरूम की खुदाई में कंकाल मिला था। मौके पर मिले कड़े और माला को देखकर परिजन ने पहचान की। पुलिस ने मौत की सही वजह जानने के लिए चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया है। डीएनए सैंपल लिया गया है। डीएनए टेस्ट से शव के सुरेंद्र का हाेने के वैज्ञानिक साक्ष्य होंगे। जल्द ही मामले में चार्जशीट प्रस्तुत की जाएगी। पूछताछ में हत्याकांड में महिला के अकेले ही शामिल होने की जानकारी हुई है।
-सय्यद अली अब्बास, डीसीपी सिटी
फिल्म और वेब सीरीज देख तैयार की पटकथा
महीनों से बनाया था प्लान, 400 में खरीदा मलबा, 500 रुपये में बनवाया फर्श, खुद बाल्टी में भरकर ढोया मलबा
आगरा। रूबी पति की हरकतों से आजिज आ गई थी। उसने पूछताछ में बताया कि वह सिलाई का काम करती थी। पति ने कुछ दिन पहले डिलीवरी बॉय का काम छोड़ दिया था। शराब पीकर घर में लड़ाई करना रोज का काम था। खुद कोई मदद नहीं करता था और जो रुपये वह कमाती थी, उन्हें भी शराब के लिए मांगता था। रुपये नहीं देने पर पिटाई करता था। कुछ दिनों से उसने बेटियों के साथ भी दुर्व्यवहार शुरू कर दिया था। उसने रोज- रोज की कलह को जड़ से खत्म करने की साजिश रचना शुरू कर दिया था।
फिल्मों और वेब सीरीज देख कर हत्या का प्लान बनाया था। पूछताछ में रूबी ने बताया कि घर के पड़ोस में काम चल रहा था। यह समय उसको सही लगा। 17 मई की रात को पति बाजार से मीट लेकर आए। घर पर ही शराब पी और मीट खाया। इस दौरान भी पति गाली-गलौज कर रहे थे। पति को मीठा पसंद था। उनके मीट खाने के बाद उसने खीर बनाई। पहले से रखी नींद की गोलियां पीस कर मिला दीं। पति नशे में खीर खा गया। कुछ देर बाद ही सो गया। वह भी पति के साथ ही सो गई। तीन बजे नींद खुली तो उसने पहले पति की सांसें चेक की। हरकत नहीं होेने पर सीने पर कान लगाकर धड़कन सुनने का प्रयास किया।
पति के मरने की पुष्टि के बाद सुबह सात बजे सास कमला देवी और दोनों बेटियों काे जगाया। पति कुछ दिन पहले अपने भरतपुर निवासी मामा के घर गए थे। वहां हंगामा किया था। सास और बेटियों को मामा का कॉल आने की जानकारी दी। मामा के भरतपुर पुलिस से शिकायत करने की बात बताकर जेठ के घर शाहगंज स्थित वायु विहार भेज दिया। उनके जाने के बाद दोबारा पति की मौत की पुष्टि की।
400 में खरीदा मलबा, 500 रुपये में बनवाया फर्श
रूबी ने पुलिस को बताया कि पड़ोस के घर में निर्माण कार्य हो रहा था। उसने वहां मलबा डालने आए ट्राली वाले से आधी ट्राली मलबा मंगा लिया था। वह घर के बाहर ही मलबा छोड़ गया। उसने पहले फावड़े से बाथरूम का फर्श खोदा। गड्ढा करने के बाद घसीटते हुए पति की लाश को बाथरूम में लेकर आई। शव को गड्ढे में डाला और गलाने के लिए घर में रखा नमक भी डाल दिया। बाहर से बाल्टी में भरकर मलबा अंदर लाकर बाथरूम में डाला। इसके बाद धुरमुठ मांग कर मलबे को समतल कर दिया। बाथरूम में शौचालय की सीट पहले एक फीट ऊंची थी। मलबा डालने के बाद पूरी जमीन को एक लेबल में किया। खुद जाकर सीमेंट की बोरी, चंबल और बालू खरीदे। पड़ाेसी की मदद से एक लेबर से बात की। 19 मई को लेबर अपने एक साथी के साथ आया और 500 रुपये लेकर एक घंटे में बाथरूम का फर्श बना दिया। किसी को शक नहीं हो इसलिए घर पर ताला लगाकर खुद भी जेठ के घर चली गई। वहां पति के पुलिस के डर से कहीं चले जाने की कहानी बना दी। परिवार को शक न हो, इसलिए गुमशुदगी भी दर्ज करा दी।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी रूबी