इलाज के अभाव में मरीज लगातार दम तोड़ रहे हैं। अस्पतालों में जगह नहीं मिल पा रही है। आगरा से बुधवार को भी ऐसा ही एक मामला सामने आया। पति अपनी पत्नी को ऑटो में लेकर लेकर अस्पतालों के चक्कर लगाता रहा। इलाज नहीं मिल पाया। जब तक एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, सांसें थम चुकी थीं।
उखर्रा रोड निवासी महिला को बुधवार को सांस लेने में परेशानी होने पर पति और परिवार अन्य सदस्य ऑटो में लेकर चार निजी अस्पतालों में गए। सभी जगहों पर बताया गया कि जगह नहीं है। शाम करीब पांच बजे महिला को लेकर सभी एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां भर्ती कराने से पहले महिला ने पति के गोद में दम तोड़ दिया। ऑटो से उतारा भी नहीं जा सका। घरवाले महिला को लेकर वापस लौट गए।
बेटी की शादी से पहले पिता की मौत
बाह क्षेत्र के जिस घर में बेटी की सात मई को शादी होनी थी, उसके 48 वर्षीय पिता की कोरोना से मौत हो गई। इससे शादी की खुशियों की जगह पर मातम पसर गया है। परिवारीजनों ने फिलहाल बेटी की शादी टाल दी है।
बाह के एक गांव का परिवार 7 मई को होने वाली बेटी की शादी की तैयारी में जुटा था। इधर, उसके पिता बीमार हो गए। जांच में कोरोना की पुष्टि होने पर परिजनों ने ग्वालियर के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान तीन मई को पिता की मौत हो गई। इससे परिवार ही नहीं पूरा गांव शोक में डूब गया।