आगरा में सिकंदरा स्थित कार शोरूम मैनेजर रंजीत खरे की हत्या में दो आरोपियों को पुलिस जेल भेज चुकी है। मगर, खुलासे से घरवाले संतुष्ट नहीं है। पत्नी संध्या खरे ने बृहस्पतिवार को आईजी आफिस में प्रार्थनापत्र दिया। कहा कि विवेचना किसी और जनपद के पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी से कराई जाए। पति की कार में एक युवती भी नजर आई थी। खुलासे में उसका कोई जिक्र नहीं किया गया।
प्रार्थनापत्र देकर की मांग
मोती कटरा निवासी संध्या खरे ने आईजी आफिस में दिए प्रार्थनापत्र में लिखा कि पति रंजीत खरे की 18 अक्तूबर की रात को हत्या कर दी गई थी। शव 19 अक्तूबर को मुरैना के थाना सराय छोला क्षेत्र में मिला था। उनकी कार आगरा फोर्ट स्टेशन के बाहर खड़ी मिली थी। उनका मोबाइल मलपुरा नहर के पास मिला। थाना सिकंदरा पुलिस ने 22 अक्तूबर को मुकदमा दर्ज किया था। 30 अक्तूबर को पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया। दो आरोपियों को जेल भेजा।
सीसीटीवी फुटेज मिले थे
उन्होंने खुलासे पर सवाल उठाए। कहा है कि आरोपी पति को उनकी कार में ही ले गए थे। इस कार के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। कार में पिछली सीट पर एक युवती बैठी नजर आ रही है। पुलिस ने खुलासे में युवती का कोई जिक्र नहीं किया। इसके अलावा पति रंजीत खरे के पर्स, अंगूठी और अन्य सामान अब तक बरामद नहीं हो सका है। इस बारे में अधिकारियों से बात करने पर भी अधूरा खुलासा कर दिया। मामले में अन्य जनपद के पुलिस अधीक्षक पद के अधिकारी से पुन: विवेचना कर कार्रवाई की मांग की।
आगरा में हत्या का खुलासा: लूट के लिए दोस्त बनाकर शोरूम मैनेजर की ली थी जान, दो आरोपी गिरफ्तार