अंतिम संस्कार के दौरान हंगामा के बाद पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने आठ माह की गर्भवती पत्नी पर हथौड़े से प्रहार कर गंभीर घायल कर दिया। घटना के करीब एक माह बाद उपचार के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। विवाहिता के पिता ने आरोपी पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
बुलंदशहर के थाना खुर्जा निवासी लोहपीटा जोगिंदर पुत्र चंद्रपाल ने अपनी पुत्री पूजा का विवाह थाना टूंडला के स्टेशन रोड निवासी राजा पुत्र बल्लू के साथ तीन साल पहले सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज देकर किया था। शादी के कुछ समय तक तो सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा। उसके बाद पति राजा ने उसे अतिरिक्त दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। इस बीच कई बार सामाजिक समझौते भी हुए, किंतु पति की मांग बंद नहीं हुई।
इस बीच पूजा आठ माह की गर्भवती हो गई। मांग पूरी न होने पर विगत एक माह पूर्व पति ने पूजा को बेरहमी से न सिर्फ मारापीटा, अपितु गर्भवती पत्नी के गुप्तांगों पर हथोड़े से प्रहार कर गंभीर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंचे पिता ने उपचार के लिए बेटी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान पूजा की मौत हो गई। मृतका के पिता जोगिंदर ने राजा के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज करा दिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया।
अंतिम संस्कार के दौरान श्मशान पर हंगामा
अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत के बाद श्मशान घाट पर जमकर हंगामा हुआ। महिला के मायके वाले और ससुरालीजन आमने-सामने आ गये। इतना ही नहीं दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। श्मशान में मारपीट से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर श्मशान घाट पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाते हुए मामला शांत कराया। इसके बाद मृतका का अंतिम संस्कार हुआ।
सनसनीखेज हत्याकांड: पैसे के विवाद में छोटे भाई की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या, सगे भाई ने दिया घटना को अंजाम