आगरा के बरहन क्षेत्र में एक विधवा महिला ने दंपती पर अपने ड्राइवर बेटे को कथित रूप से दबाव में लेकर मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न करने और रुपये लेने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।
आगरा के थाना बरहन क्षेत्र के नगला हरीराम गांव निवासी एक विधवा महिला ने क्षेत्र के गांव जामपुर निवासी एक दंपती पर उसके बेटे को कथित रूप से अपने जाल में फंसाकर मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न करने तथा रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना बरहन पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
पीड़िता मुन्नी देवी पत्नी दिवंगत अजीत कुमार ने प्रार्थना पत्र दिया है कि उनका बड़ा बेटा नीरज कुमार ड्राइवर है और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। आरोप है कि जामपुर निवासी दंपती ने पिछले कई महीनों से नीरज को अपने प्रभाव में ले रखा है। महिला का आरोप है कि बेटे पर दबाव बनाकर उसके कोर्ट मैरिज संबंधी कागजात तैयार कराए, जबकि दंपती जामपुर स्थित घर में ही रहते हैं।
मुन्नी देवी का कहना है कि दंपती उसके बेटे को कथित रूप से डराते-धमकाते रहे हैं और उस पर दबाव बनाकर रुपये लेते रहे हैं। बेटे को मानसिक रूप से परेशान देखकर जब उन्होंने उससे परेशानी का कारण पूछा, तब पूरे मामले की जानकारी हुई। महिला के अनुसार, रुपये के लेनदेन से संबंधित बैंक विवरण भी उसके बेटे के पास उपलब्ध है। पीड़िता ने थाना बरहन पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अपनी शिकायत दर्ज करने और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।