गंजडुंडवारा। थाना क्षेत्र में चोरों के हौंसले इन दिनों काफी बुलंद हो रहे हैं। गत रात्रि में चोर ने एक घर में चोरी को अंजाम दिया। आहट होने पर जागे मकान स्वामी ने जब चोर को ललकारा तो चोर ने भागने के दौरान उन पर फायर झोंक दिया। हालांकि वह बाल बाल बच गए।गंजडुंडवारा क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात्रि में तीन गांवों में हुई चोरी की घटना को अभी पुलिस खोल भी नहीं पाई थी कि शुक्रवार की रात्रि में चोर ने गांव बनैल में धावा बोल कर पुलिस को एक नई चुनौती दे डाली। शुक्रवार की रात्रि में गांव बनैल में अमित मिश्रा पुत्र मूलचंद मिश्रा के घर में रात्रि 2 बजे अज्ञात चोर घर में घुस गए। आहट होने पर गृह स्वामी जाग गए, तो देखा कि चोर हाथ में पोटली लिए कमरे से बाहर निकर सीढि़यों से छत की ओर भाग रहा है। अमित मिश्रा का कहना है कि जब वह चोर के पीछे भागे तो चोर पड़ोसी की मकान की छत पर कूद गया और वहां से उसने उनके ऊपर फायर कर दिया। हालांकि इसमें वह बाल-बाल बच गए और गोली पड़ोसी की छत में जा लगी। चोर पड़ोसी की छत से नीचे गली में कूद कर भाग गया। जब उन्होंने अपने कमरे में आकर देखा तो अलमारी का लॉक टूटा हुआ था। चोर अलमारी में से एक सोने का हार, एक जोड़ी सोने के झाले, तीन सोने की जंजीर, दो जेंट्स अंगूठी, तीन लेडीज सोने की अंगूठी, दो सोने के ताबीज और दो लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए हैं। अमित मिश्रा ने चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी है।