देश में प्रखर हिंदूवादी नेता की छवि रखने वाले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रभावित होकर एटा में एक समुदाय के लोगों ने हिंदुत्व की दीक्षा ली थी। एटा के विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने योगी आदित्यनाथ को सुना और इसके बाद उनसे प्रभावित होकर स्वेच्छा से हिंदू धर्म अपना लिया।
यह वाकया आज से करीब 12 साल पहले का है। एटा के सरस्वती शिशु मंदिर में विश्व हिंदू महासंघ ने कार्यक्रम आयोजित किया था। इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए योगी आदित्यनाथ एटा पहुंचे थे। यहां उन्होंने वक्तव्य भी दिया। बताया जाता है कि इसी कार्यक्रम में ईसाई समाज के सौ से अधिक लोग स्वेच्छा से अपना धर्म परिवर्तन कर हिंदू धर्म में शामिल हो गए।
इसके बाद एटा में योगी आदित्यनाथ की चर्चा सभी के बीच होने लगी। हिंदुत्व को लेकर लोगों में उनकी छवि का खूब प्रचार हुआ और 22 दिसंबर 2015 को विश्व हिंदू महासंघ अपने एक और कार्यक्रम में उन्हें एटा में आमंत्रित किया। इस बार जिला प्रशासन ने उनको एटा आने की अनुमति नहीं दी और वे कार्यक्रम में नहीं आ सके।