मैनपुरी। गेहूं की बुवाई से पूर्व कृषि विभाग के सभी राजकीय बीज भंडारों पर गेहूं का बीज पहुंच गया है। जिले को आवंटित कुल गेहूं के बीज के सापेक्ष लगभग 60 प्रतिशत बीज गोदामों पर उपलब्ध है। यहां से किसानों को निर्धारित कीमतों पर बीज वितरित किया जाएगा। इसमें डीबीटी के माध्यम से 50 प्रतिशत अनुदान भी मिलेगा।
शासन से इस बार जिले को 7230 क्विंटल गेहूं का बीज आवंटित किया गया है। इसमें 4000 क्विंटल गेहूं का बीज जिले के आठ राजकीय बीज भंडारों पर आ गया है। बाकी बचा स्टॉक भी जल्द ही प्राप्त हो जाएगा। बीज भंडार पर किसानों को 3815 रुपये प्रति क्विंटल आधारीय बीज और 3580 प्रति क्विंटल कीमत पर प्रमाणित बीज का वितरण किया जाएगा।
पहले किसानों को पूरी कीमत चुकानी होगी बाद में डीबीटी के माध्यम से 50 प्रतिशत का अनुदान दिया जाएगा। गेहूं के अलावा जौ का भी 107.70 क्विंटल बीज जिले को प्राप्त हुआ है। इसकी बिक्री 3235 रुपये प्रति क्विंटल में की जाएगी।
ये प्रजातियां हैं उपलब्ध
गेहूं के बीज की इस बार मुख्य रूप से एचडी-3059, एचडी-2967, एचडी-3086, डीबीडब्ल्यू-621, डीबीडब्ल्यू-343 (उन्नत) आदि प्रजातियां राजकीय बीज भंडारों पर उपलब्ध है। जौ की जीएच-946 प्रजाति उपलब्ध है।
राजकीय बीज भंडारों पर गेहूं और जौ का बीज उपलब्ध हो गया है। बुवाई के लिए किसान निर्धारित कीमत पर बीज प्राप्त कर सकते हैं। किसी प्रकार की समस्या होने पर जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। - डॉ. गगनदीप सिंह, जिला कृषि अधिकारी।