बेवर। एक अप्रैल से भले ही गेहूं की खरीद शुरू हो गई हो, लेकिन किसानों को कुछ सरकारी खरीद केंद्रों पर गेहूं बेचने में परेशानी हो रही है। किसी केंद्र पर वारदाना नहीं है, किसी पर खरीदे गए गेहूं का उठान ही नहीं हुआ है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शासन के निर्देश पर बेवर क्षेत्र में पांच खरीद केंद्र बनाए गए हैं। पीसीएफ रामलीला मैदान के सामने, एफएसएस का विद्या देश कोल्ड, सहकारी संघ का बालभारती स्कूल के सामने, आरएफसी का मंडी परिसर में और एक खरीद केंद्र मंडी समिति का मंडी परिसर में ही संचालित है। इन खरीद केंद्रों में किसी में वारदाना की कमी है, तो किसी में खरीदे गए गेहूं का उठान न होने से किसानों के गेहूं की खरीद नहीं हो पा रही है। किसान गेहूं की बिक्री के लिए परेशान हो रहे हैं।
पीसीएफ मंडी समिति के खरीद केंद्र पर गेहूं का उठान न होने के चलते खरीद केंद्र पर हजारों बोरियां रखी हुई हैं। इस केंद्र पर वारदाना है, लेकिन मंगलवार को तुलाई बंद रही। विद्यादेश कोल्ड स्टोर में संचालित एफएसएस केंद्र पर शनिवार से वारदाना ही नहीं है। यहां भी उठान न होने से बड़ी संख्या में गेहूं के तुले हुए बोरे रखे हुए हैं। सहकारी संघ गेहूं खरीद केंद्र में भी चार दिनों से वारदाना न होने से तुलाई बंद है। मंडी परिसर में भारतीय खाद्य निगम खरीद केंद्र में वारदाना के अभाव में तुलाई बंद है।