तेज हवा के साथ हुई बारिश से गिरी गेहूं की फसल
मैनपुरी जिले में बारिश किसानों के लिए आफत बनती जा रही है। कुछ देर हुई तेज बारिश से किसानों की सरसों और गेहूं की फसल में भारी नुकसान हुआ। इससे किसान परेशान हैं, वहीं अब भी मौसम साफ नहीं हुआ है। इससे आगे भी बारिश होने के आसार हैं।
शनिवार रात से ही रिमझिम बारिश शुरू हो गई थी। रविवार को सुबह होते ही काले बादल घिर आए। कुछ ही देर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। दस मिनट तक तेज हवा के साथ हुई बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान हुआ।
सरसों की तैयार खड़ी फसल व कटी पड़ी फसल पूरी तरह भीग गई। जो फसल अधिक भीग गई, उसके सड़ने का खतरा भी बढ़ गया है। तेज हवा के साथ हुई बारिश से गेहूं की फसल में जमीन पर गिर गई। गेहूं की फसल में इस समय बाल निकल रही है, ऐसे में इसका वजन अधिक है।
फसल गिरने से गेहूं का दाना पूर्ण विकसित नहीं हो पाएगा। इससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ेगा। वहीं आलू की फसल में भी बारिश से नुकसान हुआ है। एक ओर जहां भीगे आलू को भंडारित नहीं किया जा सकेगा तो वहीं जिस आलू की अब तक खोदाई नहीं हुई है, उसकी खोदाई का काम भी रुक गया।