मैनपुरी। जिले के कुछ क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को हुई हल्की बारिश और तेज आंधी ने गर्मी से राहत दिलाई। शुक्रवार को हालात फिर जस के तस हो गए। सूरज की तपिश के चलते लोग पसीना-पसीना होते रहे। मौसम विशेषज्ञों ने रविवार को जिले में प्री मानसूनी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
जून का एक पखवाड़ा बीतने को है, लेकिन बारिश न होने के चलते गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही है। हाल ये है कि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। बृहस्पतिवार को किशनी और दन्नाहार क्षेत्र में आंधी के साथ हल्की बारिश हुई थी। इससे कुछ देर के लिए राहत मिल गई थी। जिले के अन्य भागों में बूंदाबांदी भी नहीं हुई थी लेकिन शुक्रवार को तेज गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया। अधिकतम तापामान 39 और न्यूनतम तापमान भी 29 डिग्री सेल्सियस रहा। अब लोगों को गर्मी से राहत पाने के लिए केवल बारिश का इंतजार है। इस बीच एक अच्छी खबर आई है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि दो दिन बाद जिले में प्री मानसूनी बारिश होने के अच्छे संकेत मिल रहे हैं। 14 और 15 जून को बारिश होने की संभावना है। आगे भी बादल छाए रहने की संभावना है।
धान के लिए वरदान होगी बारिश
जिले में बड़े पैमाने पर धान की खेती की जाती है। इस समय धान की नर्सरी की बुवाई का काम चल रहा है। लेकिन गर्मी के कारण समस्या आ रही है। अगर बारिश होती है तो धान के लिए भी ये वरदान साबित होगा। मौसम ठंडा रहने पर धान की नर्सरी का अच्छा विकास होता है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. गगनदीप सिंह ने बताया कि सभी किसान नर्सरी की बुवाई के लिए खेत तैयार कर लें। अगर बारिश होती है तो नर्सरी के लिए ये उपयुक्त समय होगा।