मैनपुरी। मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। बुधवार देर रात और बृहस्पतिवार अल सुबह तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे आलू खुदाई में लगे किसानों की चिंताएं बढ़ गई है। किसानों ने खेत में खुदी पड़ी आलू की फसल की बोरों में भराई कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। किसानों को चिंता है कि अगर आगामी दिनों में भी बारिश हुई तो उनकी फसल को भारी नुकसान हो सकता है।
आलू किसानों को पहले से ही मौसम की मार झेलनी पड़ रही है। इस बार सर्दी अधिक समय तक न पड़ने के चलते पैदावार प्रभावित हो चुकी है। अब बेमौसम की बारिश ने आलू किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश के कारण न सिर्फ आलू, बल्कि सरसों और गेहूं की फसल करने वाले किसान भी चिंतित है। गेहूं की फसल में बाली आ गई है। सरसों भी पूरी तरह से पक गई है। अगर, तेज हवाओं के साथ तेज बारिश हुई तो किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ेगा। सरसों पूरी तरह से खेत में बिछ जाएगी।
खेतों में सरसों और आलू की फसल पूरी तरह से तैयार है। सरसों की फसल में बाली फूटने से नुकसान की आशंका है। बारिश के कारण आलू की खुदाई प्रभावित हुई है। किसान अब आलू को तिरपाल से ढक रहे हैं।