पारा पहुंचा 46 डिग्री, जनजीवन बेहाल
- लगातार तापमान में हो रहा है इजाफा, नहीं मिल रही राहत, लोगों को बारिश का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। गर्मी के तेवर ने जनजीवन बेहाल कर दिया है। लगातार हो रही तापमान में बढ़ोत्तरी से अब लोग चिंतित हैं। हर रोज तापमान रिकार्ड तोड़ता जा रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। दिन भर धरती तपती रही। अब हर किसी को बस मानसून का इंतजार है।
सोमवार को तापमान 46 डिग्री पहुंचा तो आसमान से आग बरसने लगी। चिलचिलाती धूप में जहां सूरज के तेवर के आगे हर कोई बेबस नजर आया तो वहीं पंखे और कूलर भी राहत नहीं दिला सके। सड़क पर दिन भर लोग पसीना-पसीना होते रहे। गर्मी इतनी तेज थी कि लोग दिन भर घरों में ही कैद रहे। कोल्ड ड्रिंक, लस्सी व अन्य शीतल पेय पदार्थ बंद होने से राहगीरों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। शाम को भी गर्मी से कोई राहत नहीं मिल सकी। रात तक गर्म हवाओं और तापमान ने लोगों को परेशान किया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी गर्मी का सितम एक सप्ताह तक जारी रहेगी। इसके बाद प्री मानसूनी बारिश से राहत मिलने की संभावना है।
बाजारों में परेशान रहे लोग
लॉकडाउन के चलते दो महीने बाद अब एक नई व्यवस्था के तहत बाजार खुलने लगे हैं। ऐसे में घरों में जरूरत की चीजें लेने के लिए लोग बाजार पहुंच रहे हैं। सोमवार को भी बाजारों में भीड़ रही। दुकानों पर सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए लोगों को दुकान के बाहर ही धूप में खड़ा होना पड़ा। इसके चलते लोगों को धूप में तपना पड़ा। उन्हें किसी भी तरह राहत नहीं मिल सकी।
30 और 31 मई को बारिश की संभावना
मैनपुरी। लगातार बढ़ रहे तापमान से लोग परेशान हैं। ऐसे में एक राहत भरी खबर आई है। मौसम विभाग की ओर से बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। कृषि विज्ञान केंद्र मैनपुरी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि 30 और 31 मई को तेज दक्षिण-पूर्वी हवाओं के साथ मध्यम बारिश हो सकती है।