मैनपुरी। सप्ताह के अंत में मौसम ने करवट बदल ली। शनिवार सुबह कोहरा और सर्द हवाओं से गलन बढ़ गई। इससे लोगों को राहत नहीं मिल सकी। धूप निकलने के बाद भी सर्दी का भरपूर अहसास होता रहा। शाम को भी मौसम जल्द ही सर्द होना शुरू हो गया था।
जनवरी समापन की ओर है, ऐसे में मौसम लगातार बदल रहा है। बीते पूरे सप्ताह मौसम राहत भरा रहा, लेकिन शनिवार को अचानक सर्दी ने फिर लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह चारों तरफ कोहरा छाया रहा साथ ही दिन में सर्द हवाओं ने तापमान को प्रभावित किया। अधिकतम तापमान जहां 21 डिग्री और न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस तक रहा।
दिन में गलन अधिक होने के चलते लोगों को धूप निकलने के बाद भी राहत नहीं मिली। पूरे दिन सर्द हवाओं ने बेहाल किया। शाम को फिर एक बार सूरज छिपने के बाद सर्दी हावी होना शुरू हो गई। इसका असर बाजारों में भी पड़ा। शनिवार को शाम सात बजे ही बाजार खाली-खाली नजर आने लगे। लोग सर्दी से बचाव के लिए घरों का रुख करते दिखे।