मतदान से पहले हुई बारिश के बाद मौसम ने राहत दी, लेकिन अब फिर से गर्मी के तेवरों से लोग बेहाल हैं। सोमवार को दिन दहका तो रात सुलगती रही। मौसम विभाग ने इस पूरे सप्ताह गर्मी और तापमान के 44 डिग्री तक पहुंच जाने का अनुमान जताया है।
सोमवार दस बजते ही सूर्य देव का प्रकोप नजर आने लगा। तेज धूप ने लोगों को परेशान कर दिया। सबसे ज्यादा परेशानी रही स्कूली बच्चों को, जिनकी छुट्टी दोपहर 1.30 बजे हुई।
स्कूल वैन में ठसाठस भरे हुए बच्चे दोपहर तीन बजे तक घर पहुंचे तो गर्मी से पसीने-पसीने हो उठे। तेज धूप और गर्मी के कारण बच्चों ने कक्षा पांच तक की छुट्टी 12 बजे तक करने की मांग की है। सोमवार को दिन में पारा 39.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले चार दिनों में गर्मी लगातार बढ़ती जाएगी और दिन में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। मंगलवार से ही पारा 40 डिग्री को पार कर सकता है और न्यूनतम तापमान भी बढ़ने के आसार हैं।