आगरा कमला नगर के नटराजपुरम में महज 20 सेकंड में 35 साल पहले बनी पानी की टंकी ढह गई। 5 साल से यह टंकी जर्जर थी और इस्तेमाल में नहीं आ रही थी। क्षेत्रीय लोग दो साल से टंकी को गिराने और इसकी जगह नई टंकी के निर्माण की मांग कर रहे थे, जिसके लिए वह विधायक, सांसद और मेयर के पास कई बार गुहार लगा चुके थे। दो साल की मशक्कत के बाद जलकल विभाग ने शुक्रवार को नटराजपुरम पानी की टंकी को ढहा दिया। बिना किसी नुकसान के आसानी से जर्जर टंकी को जमींदोज कर दिया गया। क्षेत्रीय लोगों ने इसकी जगह वैकल्पिक इंतजाम करने और नई टंकी के निर्माण की मांग की है।
अमृत योजना में किए थे कनेक्शन
अमृत योजना के तहत घरों में गंगाजल का कनेक्शन किया गया था, लेकिन तीन साल से पानी नहीं आया। जलनिगम ने यह बड़ा घोटाला किया है, इसकी जांच होनी चाहिए। - धर्मवीर चौधरी, नगला हवेली
हजारों लोग परेशान
तीन साल पहले जब घर घर कनेक्शन किए तो पानी कहां से आएगा, इसके लिए पाइपलाइन क्यों नहीं डाली गई। हजारों लोग तीन साल से परेशान हैं। - एसपी चौहान, दयालबाग
सबमर्सिबल का पानी खारा
सबमर्सिबल पंप का पानी खारा और फ्लोराइड का है। दो साल पहले गंगाजल आ गया तो हमें क्यों नहीं उपलब्ध कराया गया। - अविनाश चौधरी, दयालबाग
अफसरों पर कार्रवाई हो
34 कॉलोनियों में पानी की लाइन बिछी और सबके सब प्यासे। यह अंधेरगर्दी है, जो अधिकारी इसमें लिप्त हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। - शांति श्रीवास्तव, कबीर नगर
प्रदर्शन के बाद भी समाधान नहीं
हम लोग पिछले साल सितंबर से अधिकारियों से पानी की मांग के लिए बार-बार जा रहे हैं, प्रदर्शन कर रहे हैं, पर अब तक गंगाजल उपलब्ध नहीं हो पाया। - रिचा सक्सेना, टैगोर नगर
पानी नहीं बिल आ रहा
सबमर्सिबल पंप के पानी का उपयोग केवल नहाने में कर सकते हैं। पीने योग्य ये नहीं है। गंगाजल मिल नहीं रहा, पर उसका बिल जरूर आ रहा है। - प्रीति शर्मा, वीर नगर
ये भी पढ़ें: ताजहमल: सुरक्षा के लिए तैयार होंगे कमांडो, पुलिसकर्मियों को मिलेगी ट्रेनिंग, एडीजी सुरक्षा ने देखी व्यवस्थाएं