आगरा में ताजगंज, रकाबगंज, एमईएस, छावनी, बुंदू कटरा, मधुनगर, नामनेर, ईदगाह तथा प्रतापपुरा क्षेत्र के दो लाख से ज्यादा लोगों को 24 दिसंबर की शाम और 25 दिसंबर की सुबह जलापूर्ति नहीं हो पाएगी। नौलक्खा पंपिंग स्टेशन पर बने नए जलाशय में पाइप लाइन जोड़ने का काम जल निगम की गंगाजल इकाई करेगी, जिसमें 20 घंटे का समय लग सकता है। जल निगम अधिकारियों ने इन क्षेत्रों के लोगों से पहले ही पानी भरकर रख लेने की अपील की है।
जलनिगम की गंगाजल इकाई के परियोजना प्रबंधक आरके गुप्ता ने बताया कि नौलक्खा जोनल पंपिंग स्टेशन पर गंगाजल प्रोजेक्ट के तहत 2600 किलो लीटर का नया जलाशय (सीडब्ल्यूआर) बनाया जा चुका है, जिसमें दो बार कनेक्शन के लिए शटडाउन लिया गया था।
आगरा: शौच के लिए घर से गई युवती की गला रेत कर हत्या से सनसनी, खेत में मिला शव
अब इस नए जलाशय से पूरे क्षेत्र को गंगाजल की आपूर्ति की जानी है। इसके लिए जलाशय से जुड़ी फीडर मेन लाइन का कनेक्शन पूर्व में बिछी हुई फीडर मेन लाइन से किया जाएगा। इसके लिए जलनिगम द्वारा 20 घंटे का शटडाउन लिया जाएगा। जलनिगम की टीम 24 दिसंबर की सुबह 9 बजे से कनेक्शन का काम करेगी, जो 25 दिसंबर की सुबह 5 बजे तक चल सकता है।
सर्दी और कोहरे के कारण इस काम में इससे ज्यादा समय भी लग सकता है। इस दौरान जीवनी मंडी जल संस्थान से जुड़े क्षेत्रों ताजगंज, रकाबगंज, एमईएस, छावनी परिषद क्षेत्र, बुंदू कटरा, मधुनगर, नामनेर, ईदगाह और प्रतापपुरा क्षेत्र में जलापूर्ति नहीं हो पाएगी। जलनिगम अधिकारियों के मुताबिक कनेक्शन करने से तीन दिन पहले क्षेत्रीय लोगों को इसीलिए जानकारी दी जा रही है ताकि वह पहले से पानी स्टोर करके रख सकें और उन्हें 24 और 25 दिसंबर को परेशानी का सामना ना करना पड़े।
आगरा जल संपूर्ति परियोजना गंगाजल के तहत नौलक्खा पंपिंग स्टेशन पर 2600 किलो लीटर का जलाशय बनकर तैयार है। हमें जलाशय से फीडर मेन का कनेक्शन करना है, इसमें 20 घंटे का समय लग सकता है। इसलिए लोग सहयोग करें और पहले से ही पानी भरकर रख लें ताकि उन्हें परेशानी न हो। आरके गुप्ता, प्रोजेक्ट मैनेजर, गंगाजल इकाई, जलनिगम