टूंडला के गढ़ी साहब में पेयजल आपूर्ति होने पर पानी भरते ग्रामीण
- फोटो : TUNDLA
टूंडला। यमुना तलहटी के गांव गढ़ी साहब में शनिवार सुबह विद्युत विभाग द्वारा फॉल्ट ठीक करने के बाद पानी की आपूर्ति सुचारु हो गई। जलापूर्ति शुरू होते ही ग्रामीणों में हर्ष की लहर दौड़ गई। समस्या से संबंधित खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद विद्युत विभाग हरकत में आया।
थाना नगला सिंघी के गांव गढ़ी साहब में करीब एक हजार की आबादी है। गांव में पेयजल टंकी पर ही पानी की आपूर्ति का माध्यम है। विगत एक माह पूर्व आई तेज आंधी से पेयजल टंकी के विद्युत ट्रांसफॉर्मर में फॉल्ट होने से जलापूर्ति संकट खड़ा हो गया था। पानी को लेकर गांव के लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी।
कई बार शिकायत करने के बाद विद्युत विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा था। लोगों की समस्या को ‘अमर उजाला’ ने चार जुलाई के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद विद्युत विभाग की टीम ने गढ़ी साहब में दौड़ लगा दी। शनिवार सुबह फॉल्ट को ठीक कर दिया। फॉल्ट ठीक होने के बाद सबमर्सिबल चालू कर टंकी से पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी गई। टंकी से पानी आने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गयी।