मैनपुरी। देवी रोड पर चार दिन पूर्व गैस लाइन बिछाने के दौरान टूटी पानी की सप्लाई लाइन को चार दिन बाद भी ठीक नहीं किया जा सका। शहर के छह मोहल्लों के पांच हजार से अधिक घरों के लोगों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा है। नगर पालिका कार्यदायी संस्था को जिम्मेदार बता रही है, वहीं कार्यदायी संस्था आज-कल कहकर काम को टाल रही है।
शहर में गैस लाइन बिछाए जाने का कार्य एचपीसीएल के द्वारा कराया जा रहा है। 21 सितंबर की रात गैस लाइन बिछाए जाने के दौरान देवी रोड पर नगर पालिका की पानी सप्लाई लाइन टूट गई थी। पिछले चार दिनों से शहर के मोहल्ला राजा का बाग, देवी रोड, मदार दरवाजा, नगला ताल, चौथियाना, सौतियाना आदि मोहल्लों के पांच हजार घरों की पानी सप्लाई बाधित चल रही है। नगर पालिका कार्यदायी संस्था को जिम्मेदार बताते हुए टूटी लाइन को ठीक कराने के लिए कह रही है। कार्यदायी संस्था के क्षेत्रीय निर्माण प्रबंधक ठेकेदार को निर्देश का हवाला देते हुए अपनी बात को पूरा कर लेते हैं। जनता की समस्या की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जिला प्रशासन को संबंधित संस्था के विरुद्ध कार्रवाई के लिए दो पत्र लिखे जा चुके हैं। कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी है कि लाइन उसके कार्य के दौरान टूटी है तो उनको ही ठीक कराना होगा। - लालचंद भारती ईओ नगर पालिका