गांव-गांव की जाएगी जल संरक्षण के लिए पहल
- फोटो : demo
मैनपुरी। जल संरक्षण के लिए गांव-गांव बैठक कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसमें अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों को जल संरक्षण के उपाय बताए जाएंगे। इतना ही नहीं उन्हें प्रधानमंत्री द्वारा जारी किया गया पत्र भी पढ़कर सुनाया जाएगा। जिसके माध्यम से जल संरक्षण की अपील की जाएगी।
जिले की 552 ग्राम पंचायतों में शनिवार को वर्षा जल संरक्षण के लिए बैठक का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से पत्र जारी किया गया है। जिसमें ग्राम पंचायतों में बैठक का आयोजन कर ग्रामीणों से संवाद करने के आदेश दिए गए हैं। इसके तहत गांवों में कार्यक्रमों का आयोजन कर ग्रामीणों को पानी के बारे में बताया जाएगा।
उन्हें बताया जाएगा कि पृथ्वी पर जल का भंडार कितना सीमित है और अब तक हम इसका कितना दोहन कर चुके हैं। उन्हें पानी कम खर्च करने के साथ वर्षा जल को संचय करने के उपाय भी बताए जाएंगे। इसके लिए प्रशासन ने हर गांव में एक नोडल अधिकारी तैनात किया है, जो गांव में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रहेगा। साथ ही जिस पत्र में प्रधानमंत्री ने लोगों से पानी बचाने की अपील की है वह भी पढ़कर सुनाया जाएगा। पंचायत राज विभाग सभी ग्राम पंचायतों में बैठक कराने के लिए तैयारियों में जुटा है।