कासगंज। पहाड़ों पर बारिश थम जाने के बाद गंगा के उफान में भी कमी आई है। बैराजों से डिस्चार्ज कम हुआ है। पिछले 24 घंटे में गंगा के जल स्तर में 10 सेंटीमीटर और गिरावट आई है। इससे तटवर्ती इलाके के लोगों को राहत की उम्मीद बढ़ी है। फिलहाल बाढ़ का खतरा टल गया है। हालांकि, आगामी दिनों में जलस्तर फिर बढ़ने की संभावना के चलते नजर रखी जा रही है। पिछले 24 घंटे में हरिद्वार बैराज से करीब 6000 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज कम हुआ। नरौरा बैराज से करीब 13500 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज कम हुआ। ऐसी स्थिति में मंगलवार को जलस्तर में 10 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई। इससे गंगा की खादर में भरा पानी कम होने लगा है। बांधों पर भी पानी का दबाव कम हुआ है। तटीय इलाकों के लोगों ने सांस ली है। दतलाना निवासी हरिओम मिश्रा ने बताया कि गंगा का पानी कम हुआ है, इससे बाढ़ का खतरा टल गया है। किसान उफनती गंगा की धारा को देखकर परेशान थे। उढ़ेर के शंकर पाल ने बताया कि उढ़ेर बांध पर पानी का दबाव कम हो रहा है।