कोसीकलां (मथुरा)। गोपाल बाग में ट्यूबवेल पर बिजली की लाइन में फॉल्ट होने से दो मोटरें फूंक गईं। जिससे भीषण गर्मी में नगर में पानी की किल्लत खड़ी हो गई। शनिवार तक पानी की आपूर्ति सुचारु होने की उम्मीद है।
गोपाल बाग पर नगर पालिका परिषद के ट्यूबवेल संख्या 7-11 की बिजली लाइन में बृहस्पतिवार की रात में फॉल्ट होने से ट्यूबवेल की मोटर, मीटर आदि फूंक गए। इसी के साथ ट्यूबवेल संख्या 16 की भी मोटर फूंक गई। इससे आर्यनगर, अग्रसेन नगर, बिस्लोकर, घंटाघर, राधा गोविंद नगर, अग्रसेन मार्ग, पंचशील कॉलोनी, रेलवे कॉलोनी, मनीराम बांस, कचरा गली समेत अन्य स्थानों पर लोग पानी के लिए तरस गए हैं।
सभासदों को भी जनता की नाराजगी झेलनी पड़ रही है। भीषण गर्मी में प्यासे लोग हाथ में बाल्टी लेकर पानी के लिए भटक रहे हैं। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण लोग परेशान हैं। जलकल विभाग के कर्मचारी फूंकी मोटर बदलने में जुट गए हैं।
- नलकूप की मोटर को बदले के लिए कर्मचारी लगे हैं। शनिवार तक पेयजल आपूर्ति सुचारु होने की उम्मीद है। समस्या गर्मी की वजह से डिमांड बढ़ने से पैदा होती है। जहां से भी सूचना मिलती है, वहां टैंकर भेज दिया जाता है ताकि समस्या का समाधान हो जाए। बिजली वोल्टेज में उतार-चढ़ाव समस्या बढ़ाने में सहायक हो रहे हैं। नगरवासी धैर्य रखें।
-नरेंद्र गुर्जर, चेयरमैन, नगर पालिका परिषद कोसीकलां।
चार दिन से प्यासी मर रही पंजाबी कॉलोनी
कोसीकलां। पंजाबी कॉलोनी पिछले चार दिनों से प्यासी मर रही है। यहां पालिका की पेयजल व्यवस्था ठप पड़ी है और लोगों के घरों तक एक बूंद भी पानी नहीं पहुंच रहा है। कॉलोनी के करुण सचदेवा, माला सचदेवा ने बताया कि पीने का पानी तो छोड़िए नहाने तक के लिए उन्हें पानी खरीदना पड़ रहा है।
कीर्ति अरोड़ा, सरिता अरोड़ा, संजय उपाध्याय, ऋतु उपाध्याय ने कहा कि समस्या का समाधान जल्द हो जाना चाहिए था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सभासद मनोज आर्य से लोगों ने शिकायत की तो उन्होंने भी पालिका के अधिकारियों द्वारा समस्या के मामले में सुनवाई करने से हीलाहवाली करने की बात कही है।