शिकोहाबाद। शादी का झांसा देकर युवक दो वर्ष से छात्रा के साथ दुष्कर्म कर रहा था। सरकारी नौकरी लगने पर शादी से इनकार कर दिया। परिजन ने शादी के लिए कहा तो जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है।।
नसीरपुर थाना क्षेत्र की एक छात्रा शिकोहाबाद क्षेत्र में परिवार के साथ रह कर पढ़ाई कर रही है। इसी दौरान दो वर्ष पहले उसकी मुलाकात कोचिंग में पढ़ रहे छात्र से हुई और दोनों में गहरी दोस्ती हो गई। छात्र ने छात्रा से शादी करने का आश्वासन दिया और उसके बाद उससे संबंध बना लिए। इसी बीच छात्र की सरकारी नौकरी लग गई। परिजन ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। जब इसकी जानकारी छात्रा और उसके परिजन को हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया। इस पर युवक के भाई और साथी ने छात्रा और उसके परिजन को जान से मारने की धमकी दी।
28 सितंबर को पीड़िता अपने परिजन के साथ थाना पहुंची और अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर विजय कुमार निवासी ग्राम गढ़िया थाना मटसेना के खिलाफ दुष्कर्म और निहाल उर्फ अंशू और जेपी निवासी गढ़िया के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।