फिरोजाबाद। श्री सनातन धर्म रामलीला महोत्सव समिति द्वारा आयोजित कराए जा रहे मेले में जादूगर शो में पर्दे के पीछे बार बालाएं फिल्मी गीतों पर ठुमके लगा रहीं थीं। देर रात हिंदुवादी संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासनिक अफसरों को सूचना देने के साथ ही जादूगर शो को बंद करा दिया। उत्तर पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही है।
इस वर्ष मेले का आयोजन जिला प्रशासन द्वारा कराया जा रहा है। मेले में खेल तमाशों के साथ ही झूले और जादूगर शो भी संचालित किया जा रहा है। जादूगर शो के दौरान आयोजकों द्वारा पर्दे के पीछे जादूगर शो न दिखाकर बार बालाओं का डांस दिखाया जा रहा था। इस पर हिंदू जागरण मंच के प्रांतीय अधिकारी भारत सिंह संगठन के पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रशासनिक अफसरों को इसकी जानकारी देने के साथ ही जादूगर शो को बंद करा दिया। इस बीच हॉल के अंदर बैठे लोग बाहर निकल आए। पुलिस ने एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है। थानाध्यक्ष उत्तर नरेंद्र कुमार शर्मा का कहना था कि सूचना मिली थी। एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मामले की जांच की जा रही है।