आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में गेस्ट हाउस में हुई राज चौहान की हत्या के मामले में वांछित आरोपी इरफान मलिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को शाह नगर बंबा स्थित उसके घर के पास नूरानी मस्जिद के नजदीक से पकड़ा।
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के टेढ़ी बगिया स्थित एसएन स्टे गेस्ट हाउस में 23 जनवरी को हुई राज चौहान की हत्या के मामले में वांछित आरोपी इरफान मलिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे नूरानी मस्जिद, शाह नगर बंबा स्थित उसके घर के पास से दबोचा। आरोपी के खिलाफ ट्रांस यमुना थाने में हत्या समेत चार मामले दर्ज हैं। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि वांछित और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को इरफान को शाह नगर बंबा के पास से गिरफ्तार किया गया। संवाद
विज्ञापन
हिस्ट्रीशीटर समेत 12 पर रंगदारी, धमकी की प्राथमिकी
न्यू आगरा थाने में एक हिस्ट्रीशीटर सहित 12 लोगों के खिलाफ 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता नंदकिशोर ने बताया कि आरोपी उसे व उसके परिजन को मानसिक और सामाजिक रूप से परेशान कर रहे हैं।
प्रकाश नगर निवासी नंद किशोर ने शाहगंज के हिस्ट्रीशीटर अमित, उसके भाई छोटू उर्फ अजय, गोरखा उर्फ विजय, सहयोगी जीतू उर्फ जितेंद्र और नरेश को आरोपी बनाया है। शिकायत में अमित की पत्नी ऊषा, बेटी दिव्या, छोटू की पत्नी नगीना, देव सिंह और उसकी पत्नी मिथिलेश समेत अन्य के नाम भी हैं।
विज्ञापन
यह भी बताया है कि अमित को मार्च 2025 में छह माह के लिए जिला बदर किया गया था और वह पिछले 45 दिनों से साथियों के साथ आईपीएल जुआ सट्टा चला रहा है। आरोपियों ने 16 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे 15 लाख रुपये मांगे और न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने तथा जान से मरवाने की धमकी दी। एसीपी हरीपर्वत बजरंग ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।