आगरा। त्योहार पर घरों को नया लुक देने के लिए इस बार पेंट के बजाय वॉलपेपर, पीवीसी पैनल और इटैलियन मार्बल लुक वाली शीट्स लोगों की पहली पसंद बन रही हैं। पेंटिंग के भारी-भरकम खर्च, मजदूरी की झंझट और सीलन से परेशान लोग इस नए विकल्प को तेजी से अपना रहे हैं।
बाजार के इस मिजाज को देखते हुए दिग्गज पेंट्स कंपनियों ने भी खुद को सिर्फ रंगों तक सीमित न रखकर अपने वॉलपेपर और डेकोरेटिव शीट्स बाजार में उतार दिए हैं। पेंट कारोबारी सचिन चंद्रा ने बताया कि पारंपरिक पेंट कराने में समय और बजट दोनों अधिक लगता है, जबकि वॉलपेपर और पीवीसी पैनलिंग से पूरे घर का कायाकल्प एक से दो दिन में हो जाता है।
बारिश के बाद दीवारों पर उभरने वाली नमी से पेंट खराब होने का डर रहता है, जिससे बचाव के लिए पीवीसी पैनल सबसे कारगर साबित हो रहे हैं। वहीं, इटैलियन मार्बल फिनिश शीट्स कम बजट में ड्राइंग रूम को लग्जरी लुक दे रही हैं। पेंट्स कंपनियां अब कंपलीट वॉल-सॉल्यूशन मॉडल पर शिफ्ट हो रही हैं। इस त्योहारी सीजन में कुल बिक्री का बड़ा हिस्सा पारंपरिक पेंट के बजाय इन रेडी-टू-अप्लाई डेकोरेटिव प्रोडक्टस के खाते में जा रहा है। फेडरेशन ऑफ उद्योग व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष हरेश अग्रवाल ने बताया कि पेंट्स की कीमतों में 20 से 25 प्रतिशत तक की वृद्धि हो गई है। इसलिए सस्ता और टिकाऊ सजावट के लिए ग्राहक वॉल पेपर, पैनल व अन्य प्रोड्क्टस की तरफ मुड़ रहे हैं।