मैनपुरी। सपा के राज्यसभा सदस्य रामगोपाल यादव ने वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा है कि जिन लोगों ने वक्फ बिल के समर्थन में वोट किया वो सभी भाजपा के सहयोगी हैं। यह बिल संविधान का उल्लंघन है। बिल के विरोध में विपक्ष सुप्रीम कोर्ट गया है। संविधान में जो मौलिक अधिकार हैं, उसमें धार्मिक स्वतंत्रता के रहते हुए उस समुदाय को पूरा प्रबंधन करने का अधिकार है। पूर्व एमएलसी अवधेश यादव के बेटे अभिनव का सोमवार को जागीर में तिलकोत्सव था। इसमें शामिल होने आए रामगोपाल यादव ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए तानाशाही सरकार अभिव्यक्ति की आजादी को दबाने का काम कर रही है। सपा हमेशा इसका विरोध करेगी। सरकार लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इसी तरह के मुद्दे सामने लाती है। अब जनता पूरी तरह से इस दमनकारी सरकार से ऊब चुकी है। वक्फ संशोधन बिल असंवैधानिक है। भाजपा सरकार बेरोजगारी, महंगाई और कानून व्यवस्था के मामले में पूरी तरह से फेल है। मुजफ्फरनगर में वक्फ बोर्ड का विरोध करने वालों केस दर्ज किए जाने जैसी बातें इस सरकार के लिए अब आम बात हो गई है। विपक्ष का कोई भी नेता और कार्यकर्ता यदि सड़क से निकल भी जाए तो उसके खिलाफ कार्रवाई कर दी जाती है। इस दौरान जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य, विधायक तेजप्रताप सिंह यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुमन यादव, पूर्व विधायक राजकुमार यादव, किशनी विधायक बृजेश कठेरिया आदि मौजूद रहे।