कासगंज। रोडवेज विभाग के द्वारा वीटीएस (व्हीकल ट्रेकिंग सिस्टम) के माध्यम से बसों के संचालन की निगरानी की जा रही है। इसके माध्यम से बस कहां तक गई, कितनी दूरी तय की इसकी जानकारी भी की जा रही है। एआरएम ने अधिक ओवर स्पीड बसों का संचालन न करने की चेतावनी बस चालकों को दी है।
समय पर पहुंचने और अधिक माइलेज के चक्कर में बसों के चालकों के द्वारा बसों को निर्धारित स्पीड से अधिक दौड़ाया जाता है। बसों के संचालन के लिए अधिकतम स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक नहीं होनी चाहिए। जैसे ही कोई बस चालक स्पीड को अधिक करता है तो ट्रेकिंग सिस्टम पर रेड मार्ग आ जाता है। ऐसे चालकों को एआरएम के द्वारा चेतावनी दी गई है कि, वह स्पीड को अधिक न करें।
वीटीएस से हो चुका है डीजल चोरी के मामले का खुलासा, छह के खिलाफ हुई थी कार्रवाई
कासगंज। वीटीएस डीजल चोरी रोकने में भी मददगार हो रही है। वर्ष 2019 में शिकायतकर्ता सुनील कुमार ने धुमरी रोड पर संचालित बस के 12 जून को धुमरी से 10 किलोमीटर पहले ही वापस होने की शिकायत की। जिसमें जांच की गई और 12 से 18 जून तक वीटीएस रिपोर्ट खंगाली गई। जिससे पता लगा कि चालक और परिचालक निर्धारित स्थान से पहले बस को वापस कर पूरी दूरी दर्शाकर डीजल चोरी कर रहे थे। 6 चालक परिचालक दोषी पाए गए थे। जिनमें दो संविदा चालकों के देयकों से 8000 रुपये की कटौती की गई, जबकि तीन संविदा परिचालकों से 6000 रुपये की कटौती की गई। जबकि एक नियमित परिचालक के दो इन्क्रीमेंट रोके गए थे।
ओवर स्पीड एवं निर्धारित रूट न होने पर होगी कार्रवाई
बसों के संचालन की वीटीएस के माध्यम से निगरानी हो रही है। बसों को निर्धारित गति सीमा से अधिक गति पर बस न चलाने के लिए चेताया गया है। गति सीमा अधिक अथवा निर्धारित रूट और गंतव्य से पहले वापस होने की जानकारी होने पर कार्रवाई की जाएगी। - संजीव कुमार यादव, एआरएम कासगंज।